हस्तिनापुर। बृहस्पतिवार की देर शाम अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण आंधी के साथ बरसात के दौरान हस्तिनापुर विद्युत उपकेंद्र की मुख्य लाइन 33केवी पर बिजली गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्युत उपखंड केंद्र की 33 केवी लाइन के मुख्य बक्से पर बिजली गिरने से वह तेज आवाज के साथ फट गया। इसके साथ विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता बिजेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से उपकेंद्र की मुख्य लाइन की ज्वाइंटिंग किट क्षतिग्रस्त हो गई है। जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई हुई है। जिसे तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक लाइन दुरुस्त होने की संभावना है। नुकसान का आकलन शुक्रवार सुबह को ही हो पाएगा। कस्बा और क्षेत्र के कई गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा भी कई स्थानों पर विद्युत खंभे गिरने से भी विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा गई। क्षेत्रीय वन अधिकारी नवरत्न सिंह का कहना है कि वन विभाग के प्रांगण में बिजली गिरने से अतिथि गृह के विद्युत उपकरण फुंक गए हैं। मनोहरपुर कॉलोनी में भी कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए हैं।