मेरठ। पीवीवीएनएल मंडल मुख्यालय पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने का दावा करता है, लेकिन दिन रात बिजली के झटके लग रहे है। शुक्रवार को शारदा रोड, बिजली बंबा बाईपास, घंटाघर, लिसाड़ी गेट, विकासपुरी, नौचंदी, हापुड़ रोड, सेंट लुक्स, लेडीज पार्क, माधवपुरम, टीपीनगर, मेडिकल आदि बिजलीघर क्षेत्रों में कई बार बिजली जाने से लोग परेशान रहे। बृहस्पतिवार रात को ललसाना बिजलीघर की लाइन पर पेड़ गिरने से बिजलीघर से आपूर्ति ठप हो गई थी। रात को लाइन ठीक नहीं होने पर इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सोफीपुर बिजलीघर से शिफ्ट में बिजली आपूर्ति की गई। सुबह लाइन ठीक करने का काम शुरू हुआ जो दोपहर तक चला। अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा के चलते लाइनों पर पेड़ और उनकी डाल गिरने से लाइन ब्रेकडाउन हो गई थी। जंगल में लाइन होने की वजह से रात को काम नहीं हो सका था। दोपहर तक सभी जगह बिजली आपूर्ति सामान्य हो पाई।