बिजली बंबा बाईपास और दिल्ली रोड पर छाया अंधेरा
मेरठ। बिजली बंबा बाईपास और दिल्ली रोड पर पिछले दो दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण अंधेरा छाया है। यही हाल शहर के अन्य इलाकों का भी है, लेकिन इसके बावजूद ईईएसएल के अधिकारी बंद लाइटों को ठीक करने की सुध नहीं ले रहे हैं। नगर निगम अफसरों का कहना है कि कई बार लाइटें ठीक करने के निर्देश कंपनी को दिए जा चुके हैं, अब बंद लाइटों के आधार पर कंपनी पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल महानगर की पथ प्रकाश व्यवस्था ईईएसएल के पास है। कंपनी ने अंबुजा सहित दो कंपनियों को लाइटों के रखरखाव की जिम्मेदारी दी है, लेकिन ये कंपनियां लाइटों की सुध भी नहीं ले रही हैं। बिजली बंबा बाईपास पर पुलिस चौकी से जुर्रानपुर फाटक के बीच 54 एलईडी लाइटें बंद हैं। इससे आगे शॉप्रिक्स मॉल तक 48 लाइटें बंद हैं। कुल मिलाकर बिजली बंबा बाईपास पर 102 लाइटें बंद पड़ी हैं। जिसके कारण मार्ग पर अंधेरा पसरा है। बिजली बंबा बाईपास पर वाहनों का अधिक दबाव रहता है, ऐसे में अंधेरे के कारण हादसे का डर बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद भी नगर निगम प्रशासन और कंपनी गंभीर नहीं है। इसके अलावा परतापुर थाने से पीआरडी तक 51 लाइटें बंद पड़ी हैं।
इस संबंध में पथ प्रकाश इंस्पेक्टर राजेश चौहान का कहना है कि शहर के सभी मार्गों का निरीक्षण चल रहा है। दो दिन से बिजली बंबा बाईपास और दिल्ली रोड पर बंद पड़ी लाइटों को ठीक करने के लिए अंबुजा कंपनी के अधिकारियों को लिखा गया है, लेकिन उन्होंने लाइटें ठीक नहीं की हैं। अब कंपनी पर बंद लाइटों के आधार पर जुर्माना लगाया जाएगा।