माछरा/मुंडाली/बहसूमा। रुक-रुककर हुई बारिश से गेहूं, गन्ने की फसल को फायदा होगा, जबकि आलू की फसल के लिए नुकसानदायक है। किसानों का कहना है कि यदि तेज बारिश और ओलावृषि हुई तो ज्यादा नुकसान होगा।
बृहस्पतिवार सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर को बारिश शुरू हो गई। इसके बाद धूप निकल आई। दिनभर मौसम ऐसे ही बना रही। वहीं रात को भी रुक रुककर बारिश हुई। किसान जेके त्यागी, प्रमोद कुमार, श्याम त्यागी, महेश आदि ने बताया कि गेहूं और गन्ने के लिए बारिश लाभदायक है। उधर आलू व सरसों के उत्पादक जितेंद्र त्यागी, आरिफ, सुरेंद्र कुमार, मनोज, दिनेश त्यागी, नरेश कुुमार आदि का कहना है कि इस समय आलू पकने की स्थिति में है। कई जगह खोदाई भी चल रही है। बारिश होने से आलू को नुकसान होगा। गूल में पानी भरने से आलू खराब होने की संभावना है। गनीमत रही कि ओलावृष्टि नहीं हुई।
सड़क पर फिसलन से गिरे बाइक सवार
फलावदा/दौराला। हल्की बूंदाबांदी से सड़कों पर हुई फिसलन से कई बाइक सवार फिसलने से घायल हो गए। पैदल आने जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर फिसलन के कारण बाइक सवार सकौती निवासी अमित, मोदीपुरम निवासी सोराज, मवाना निवासी नितिन बाइक फिसलने से घायल हो गए। घायलों का प्राइवेट चिकित्सक से उपचार कराया गया। वहीं सरधना रोड पर एक विद्युतकर्मी की कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। सरधना निवासी विद्युत कर्मी अमित कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह कार में सवार होकर लावड़ कस्बा स्थित कार्यालय जा रहा था। जब वह कार लेकर चीनी मिल के पास पहुंचा तो सड़क पर फिसलन होने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। इस हादसे में अमित बाल-बाल बचा। संवाद