पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी में कॉस्मेटिक की दुकान पर बैठे युवक महबूब आलम पर उसके चाचा, चचेरे भाइयों और अन्य लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और बेसबाल बैट से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है। पुलिस मामले की जांच जुट गई है।
आशियाना कॉलोनी निवासी महबूब आलम ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए बताया कि उसकी घर के पास में ही गली नंबर-17 में बिलाल कॉस्मेटिक के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार दोपहर वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी बीच उसके चाचा नौशाद और दिलशाद अपने बेटों सरताज, जुनेद, सावेज, आदनान, आबाद, साकिब और शमीर समेत कई अन्य लोगों के साथ दुकान पर पहुंचे। सभी के हाथों में लाठी-डंडे, बेसबाल बैट और लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने हमला कर दिया। पीड़ित जान बचाने के लिए भागा। आरोपियों ने दुकानदार को सड़क पर दौड़ा कर पीटा।
घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेज दिया। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-