संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। क्षेत्र में तेंदुए की लगातार चहलकदमी से ग्रामीणों और किसानों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। सोमवार शाम गांव खेड़ी मनिहार के पास रास्ते में तीसरी बार तेंदुआ दिखाई देने से इलाके के लोग बुरी तरह सहम गए। इसके साथ ही मवाना खुर्द के समीप भी ग्रामीणों ने रास्ते में तेंदुए को देखा। इससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना और बढ़ गई है।
खेड़ी मनिहार निवासी संदीप ने बताया कि गांव भैंसा निवासी आकिब, गांव खेड़ी मनिहार और राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच खेत में जमीन समतल करने के लिए जेसीबी मशीन सोमवार को रात 12 बजे के आसपास चला रहा था। साथ में दो लोग थे। जेसीबी मशीन चलाने के दौरान तेंदुआ दिखाई दिया। जेसीबी के शीशे बंद कर अपने आप को सुरक्षित किया। उन्होंने वीडियो भी बनाया। कुछ देर बाद तेंदुआ वहां से चला गया। वहीं सोमवार रात गांव मवाना खुर्द के पास भी लोगों ने तेंदुए को देखा। संदीप का कहना है कि पास ही स्थित मंदिर में रहने वाले दो आवारा कुत्ते भी लापता हैं। स्थानीय लोगों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का तुरंत संज्ञान लेने, प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और जल्द-से-जल्द पिंजरा लगवाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने बताया कि बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। संभावित स्थानों पर नजर रखी जा रही है।