संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कस्बे के खेड़ी मनिहार इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की चर्चाओं के चलते कांवड़ सेवा शिविर लगाने वाले लोग दहशत में हैं। शुक्रवार की अलसुबह खेड़ी मनिहार रजबहा की पटरी पर तेंदुआ दिखाई दिया।
मवाना क्षेत्र में हाईवे के आसपास लगातार तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है। लगभग तीन सप्ताह पहले दिल्ली ग्लोबल स्कूल के आसपास तेंदुआ दिखाई दिया था। इसके एक सप्ताह बाद ही चार किमी. दूर तिगरी फ्लाईओवर के पास तेंदुआ नजर आया था। जिसका वीडियो एनएचएआई की टीम ने बनाया था। कुछ दिन पहले ही खेड़ी मनिहार से बाईपास जाने वाले मार्ग के बीच में रात में जेसीबी से काम कर रहे मजदूरों को तेंदुआ दिखाई दिया। जिसका उन्होंने वीडियो बनाया लिया।
खेड़ी मनिहार निवासी संदीप ने बताया कि गांव निवासी भूषण, मोंटी व रावत भैंसा बोगी लेकर खेड़ी मनिहार से रजबहा की पटरी होते हुए तिगरी की ओर सुबह 4:00 बजे जा रहे थे। वह लोग आधा किमी दूर पहुंचे तो साइड में झाड़ियों में तेंदुआ बैठा हुआ था। तेंदुए के कारण आगे चल रही बोगी का भैंसा बिदक गया। शोर मचाया तो झाड़ियों से निकलकर तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। संदीप ने बताया कि खेड़ी मनिहार से बाईपास के बीच में पड़ने वाले शिव मंदिर पर हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ियों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाना है, लेकिन तेंदुए के कारण लोग दहशत में हैं। वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर सुरक्षा के इंतजाम और तेंदुए को पकड़वाने की मांग की जाएगी।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय का कहना है कि वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। गांव वालों से सतर्क रहने और किसी भी वन्य जीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।