बिजनौर में नजीबाबाद-हरिद्वार नहर पटरी मार्ग पर रामपुर मंगल उर्फ बनवारीपुर के निकट किसी वाहन की चपेट में आकर गुलदार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गुलदार के शव को कब्जे में ले लिया।
बुधवार सुबह लगभग 10 बजे गुलदार के मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना थाना प्रभारी संजय पांचाल और डीएफओ डॉ. एमके शुक्ला को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और वनकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम के पहुंचते ही गुलदार ने दम तोड़ दिया।
डीएफओ डॉ. एमके शुक्ला के निर्देशन में साहनपुर वन रेंज के रेंजर गजेंद्र यादव ने मृतक गुलदार का शव अपने कब्जे में ले लिया। डीएफओ डॉ. एमके शुक्ला ने बताया कि वाहन से टकराकर मरा गुलदार लगभग तीन-चार वर्ष आयु का वयस्क नर है। पोस्टमार्टम के लिए डीएफओ और साहनपुर रेंज के अधिकारी मृत गुलदार को लेकर बरेली के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है गुलदार के टकराने से चौपहिया वाहन के शीशे टूट गए। वाहन चालक घटनास्थल से वाहन को लेकर फरार हो गया। क्षेत्रीय नागरिकों रोहताश, राजकुमार सहित अनेक लोगों का कहना है कि क्षेत्र में दो गुलदार देखे जा रहे थे। संभवत: मादा गुलदार भी इसके आसपास रही होगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/