नजीबाबाद-रायपुर मार्ग पर मृत मिले गुलदार की सूचना पर पहुंचे वनकर्मी। स्रोत-ग्रामीण
- फोटो : mathura
नजीबाबाद। नजीबाबाद-रायपुर मार्ग पर स्थित 132 केवी उप संस्थान के पीछे यूकेलिप्टस पेड़ के पास सोमवार को एक मृत गुलदार मिला। सूचना पर सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। मकबरा निवासी किसान के खेत में जिस स्थान पर मृत गुलदार मिला, वहां पर यूकेलिप्टस के पेड़ पर गुलदार के पंजों के निशान मिले हैं। करीब 15 फीट की ऊंचाई पर यूकेलिप्टस पेड़ को छूती हुई उच्च क्षमता की विद्युत लाइन गुजर रही है। वन विभाग का अनुमान है कि गुलदार ने पेड़ पर चढ़ने का प्रयास किया तभी वह उच्च क्षमता की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। शव को गांव जालपुर स्थित नर्सरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुलदार वयस्क है उसकी उम्र करीब छह वर्ष बताई गई है।