मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से तेंदुए की दहशत कायम है। सोमवार शाम खेत में पानी चलाने गए किसान के ऊपर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। किसान ने किसी तरह भागकर जान बचाई और तेंदुए की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल पहुंचे, लेकिन तेंदुआ ईंख के खेतों में ओझल हो गया।
कस्बा करनावल के जंगल में पिछले एक सप्ताह से मादा तेंदुआ व एक बच्चा घूम रहे हैं। ग्रामीण लगातार डर के साये में जंगल में चारा लेने जा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सूचना के बावजूद वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए को पकड़ने की कोशिश नहीं की और जंगली बिल्ली बताकर पल्ला झाड़ लिया।
वहीं सोमवार रात जंगल में पानी चलाने गए किसान महिपाल धनखड़ के ऊपर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। किसान ने फावड़े से बचाव करते हुए भागकर जान बचाई। सूचना मिलते ही किसान हाथों में लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर तेंदुए की तलाश में खेतों में पहुंच गए। काफी तलाश के बावजूद तेंदुए का सुराग नहीं लग सका।
यह भी पढ़ें: पंचायत में मुर्गा बना दूल्हा: पोल खुलने पर आगबबूला हुए दुल्हन पक्ष के लोग, बरातियों की जमकर धुनाई, तस्वीरें
थाना पुलिस भी पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। सूचना के बावजूद वन विभाग के अधिकारियों के न पहुंचने से नाराज किसान मंगलवार को डीएम से मामले की शिकायत करेंगे। किसानों ने तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग से जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की है। इस मौके पर बजरंग दल के जिला विद्यार्थी प्रमुख अनुज बजरंगी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जंगल में डटे हुए थे।
यह भी पढ़ें: Meerut Murder Case: अब SSP ने लिया ये एक्शन, बेटे की हत्या से सदमे में परिजन, सांत्वना देने पहुंचे मंत्री