पुलिस को जख्म दिखाता युवक और पेड़ पर बैठा तेंदुआ
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में शिवालिक जंगल से बाहर निकले तेंदुए ने आलमपुर कलां में एक युवक पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ ने तेंदुए का पीछा किया तो वह आम के बाग में तुन के पेड़ पर चढ़ गया। भीड़ ने बाग की घेराबंदी कर ली। उधर, सूचना मिलने पर एसडीएम, पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।
आलमपुर गांव के कुछ लोग शुक्रवार की सुबह खेतों में गेहूं की फसल की कटाई करने के लिए गए थे। यहां पास के गांव भूकड़ी निवासी महावीर उर्फ निरंजन के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में तेंदुए को किसी जानवर को मारकर खाते देख वह डर गए। उन्होंने इसकी सूचना गांव में अपने घर पर दी। इस पर चार- पांच युवक लाठी डंडें लेकर मौके पर पहुंच गए। युवकों ने तेंदुए को घेरकर जैसे ही उस पर लाठी-डंडों से वार करने का प्रयास किया तो वह आक्रामक हो गया और उसने दीपक (20) पुत्र अशोक पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। इतनी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ हल्ला मचाते हुए मौके पहुंच गई। भीड़ को देखकर तेंदुआ पास में ही संसारपुर वालों के आम के बाग में घुस गया और तुन के भारी भरकम पेड़ पर चढ़कर बैठ गया। भीड़ ने बाग घेराबंदी कर ली।
सूचना मिलते ही एसडीएम दीप्ति देव, यूपी-112 एवं कोतवाली पुलिस और शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी देवी वन रेंज क्षेत्र से विभागीय टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को बाग से दूर हटाया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए फिलहाल पिंजरे की व्यवस्था की है।
तेंदुआ डरा हुआ, जो इस स्थिति में अधिक आक्रामक हो जाता है। उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है, यह बेहद होशियार जंगली जानवर है, यदि पिंजरे से पकड़ में नहीं आ सका तो प्रयास किया जाएगा, कि उसे जंगल की तरफ मोड़ दिया जाए।
- डीएफओ बाला चंद्रन
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/