गांव नेक में चोरी के बाद खुली अलमारी में फैला सामान।
- फोटो : SARDANA
जानीखुर्द। जानी क्षेत्र के दो गांवों के छह घरों से रविवार रात चोरों ने लाखों रुपयें की ज्वेलरी व नकदी चोरी कर ली। चोरों ने कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया जिसमें सभी परिजन सोए हुए थे। पुलिस ने रात में जंगल में चोरों की तलाश की। पीड़ितों ने थाने में चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव नेक निवासी नीरज और रविंद्र के घर आसपास है। रविवार रात चोर मकान के पीछे के तरफ से अंदर दाखिल हो गए। पहली मंजिल पर बने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी करीब 20 तोले सोने और करीब दो किलो चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ली। वहीं 23 सौ रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित की माने तो चोरों ने दूसरे कमरे का बाहर से दरवाजा लगा दिया जिसमें सभी परिजन सोए हुए थे। आवाज होने पर नीरज की आंख खुली तो उसने शोर मचा दिया। चोरों ने बराबर वाले घर में रविंद्र के घर से भी कीमती कपडे़ चोरी कर लिए। जानकारी पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची। रात में नेक व आसपास के जंगल में चोरों की तलाश की गई। चोरों ने नेक से दो किलोमीटर दूर स्थित चौबला गांव निवासी हरेंद्र के घर से करीब दस तोले सोने और एक किलो चांदी के जेवर और बीस हजार की नकदी चोरी की। यहां भी चोरों ने पहली मंजिल पर परिवार को कमरे में बंद कर लिया। चोरों ने मनोज के घर से चार तोले सोने और एक किलो चांदी और पांच हजार रुपये नगद चोरी किये। चोरों ने संदीप और जयबीर के घरों से भी कीमती कपडे़ व अन्य समान चोरी किया। घटना का पता सुबह होने पर चला। पुलिस के मुताबिक सभी घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।