आठ सूत्रीय मांगों के समर्थन में जताया विरोध, शिकायतों का किया निस्तारण
मांगों काे लेकर आंदोलनरत हैं लेखपाल
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चरणबद्ध आंदोलन के तहत शनिवार को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में लेखपाल काली पट्टी बांधकर पहुंचे। लेखपालों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध जताया। हालांकि उन्होंने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की भूमि संबंधी शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया भी जारी रखी।
समाधान दिवस में लेखपाल संघ के पदाधिकारी और सदस्य काली पट्टी बांधकर पहुंचे। लेखपालों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। संघ के लेखपाल जितेंद्र वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समाधान दिवस के दौरान काली पट्टी बांधकर कार्य किया गया।
लेखपाल संघ के अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि संघ की ओर से आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। मांगों को लेकर संगठन चरणबद्ध तरीके से अपनी आवाज उठा रहा है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के बीच भी लेखपालों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया। समाधान दिवस में पहुंचे लोगों की भूमि संबंधी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
लेखपालों के काली पट्टी बांधकर पहुंचने के बावजूद समाधान दिवस का कामकाज जारी रहा। इस दौरान राजस्व संबंधी मामलों को लेकर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
इस मौके पर लेखपाल, सुनील वत्स, रूपाली, सचिन सैनी, धीरज और मनोज सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।