मेरठ। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने 15 दिसंबर से होने वाले मेरठ महोत्सव के आयोजन को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए कि कैसे मेरठ महोत्सव को और भव्य बनाया जा सकता है, जिससे मेरठ की कला, संस्कृति और उद्योग को एक नई पहचान मिल सके। साथ ही सभी वर्गों की जन सहभागिता हो सके।
एनआईसी सभागार में हुई बैठक में डीएम ने जनप्रतिनिधियों को प्रत्येक दिवस होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में बनाए गए प्लान को बताया। उन्होंने कहा कि मेरठ महोत्सव के आयोजन से स्थानीय उद्यमियों और कलाकारों को एक मंच मिलेगा।
ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि मेरठ महोत्सव का आयोजन मेरठ जिले के लिए एक सकारात्मक पहल है, जो न केवल स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों के लिए बल्कि समग्र रूप से मेरठ के नागरिकों के लिए भी लाभकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव से मेरठ की समृद्ध कला और संस्कृति, उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकेगी।
बैठक में विधायक अमित अग्रवाल, रफीक अंसारी, गुलाम मोहम्मद, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, सीडीओ नूपुर गोयल आदि मौजूद रहे।