मेरठ। मेरठ कॉलेज के विधि विभाग में बृहस्पतिवार को लघु शोध प्रबंध एवं शोध प्रविधि विषय पर पंच दिवसीय स्किल डेवलपमेंट कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। स्मार्ट कक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा के लिए मौलिक शोध अत्यंत आवश्यक है। संयोजक प्रो. एचएस राय ने कहा कि बदलते दौर में विधि विद्यार्थियों के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उन्हें शोध, विश्लेषण और स्वतंत्र चिंतन की क्षमता भी विकसित करनी होगी। इसी उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन किया गया है। विभागाध्यक्ष प्रो. प्रवीण दुबलिश ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यशाला में शोध प्रस्ताव तैयार करने, साहित्य समीक्षा, उद्धरण शैली, डेटा विश्लेषण तथा शोध प्रबंध के अंतिम प्रारूप की तैयारी जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. एचएस राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. कामेश्वर प्रसाद ने दिया। इस अवसर पर केके गुप्ता, एमपी वर्मा, आरके उपाध्याय, डॉ. संगीता उपाध्याय, अनुराग सिंह, डीएन द्विवेदी, द्वारिका प्रसाद, डीआर राम, मोहम्मद दानिश, अशोक शर्मा, जितेंद्र यादव, शोधार्थी भावना, अंकित आर्या तथा एलएलएम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।