मेरठ। गाजियाबाद में वकीलों पर हुई लाठीचार्ज के विरोध में मेरठ के अधिवक्ता सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। जिला जज और एडीजी को ज्ञापन सौंपेंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश एसोसिएशन की शनिवार देर शाम को निंबस वाटिका पर आपातकालीन बैठक में यह निर्णय लिया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता वीके शर्मा की अध्यक्षता और रामकुमार शर्मा के संचालन में हुई बैठक में लाठीचार्ज पर चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आज पूर्ण बंद रखा जाएगा। विरोध स्वरूप जनपद न्यायाधीश को ज्ञापन भी दिया जाएगा, जिसमें अधिवक्ताओं के न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के द्वारा हो रहे दुर्व्यवहार और बेवजह केस को लंबित करने के संदर्भ में विरोध दर्ज कराया जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से गाजियाबाद के जनपद न्यायाधीश के निलंबन की मांग हाईकोर्ट से करने के लिए निवेदन किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि मांगें नहीं मानी गई तो उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद काज़ीपुर, महामंत्री राम कुमार शर्मा, संगठन मंत्री सहारनपुर रणदीप पुंडीर, सल्लाउद्दीन, राजीव गोयल, रवि कुमार, आलोक कुमार, प्रवीण सुधा मौजूद रहे।