संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। उत्तर प्रदेश दस्तावेज लेखक एसोसिएशन द्वारा ई-रजिस्ट्रेशन (पेपरलेस) व्यवस्था के विरोध में चलाए जा रहे आंदोलन को अब सरधना बार एसोसिएशन का भी समर्थन मिल गया है। बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से दस्तावेज लेखकों के आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया। साथ ही शुक्रवार को रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी और धरना-प्रदर्शन करने का एलान किया।
बृहस्पतिवार को बार हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष आरिफ अली एडवोकेट और संचालन महामंत्री संजीव पंवार एडवोकेट ने किया। प्रदेश सरकार की ओर से लागू की जा रही ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने नई व्यवस्था से दस्तावेज लेखकों और वकालत पेशे पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई। निर्णय लिया कि दस्तावेज लेखक संघ के समर्थन में 12 जून को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसके अलावा रजिस्ट्री कार्यालय में तालाबंदी कर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर भागीदारी निभाने का संकल्प भी लिया।
बार एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि ई-रजिस्ट्रेशन व्यवस्था से पारंपरिक कार्यप्रणाली प्रभावित होगी, जिससे दस्तावेज लेखकों के साथ-साथ अधिवक्ताओं के कार्यक्षेत्र पर भी असर पड़ सकता है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष विक्रम त्यागी, रिजवान अली, इनाम अली, मलखान सिंह सैनी, पोयम चंदेल, शिरीन फ्रांसिस, अरविंद प्रताप सिंह, अमित कुमार शर्मा, मोहित राणा, जगपाल सिंह, जितेंद्र पांचाल आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।