मेरठ। वकीलों ने कंकरखेड़ा पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर हंगामा किया। यहां एसपी क्राइम से भी नोकझोंक हुई। इसके बाद उन्होंने वकीलों को आश्वासन दिया कि पुलिस जांचकर निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है।
अधिवक्ता सतेंद्र ढाका के यहां कंकरखेड़ा क्षेत्र के सिंघावली निवासी पप्पू मुंशी है। वकीलों का कहना है कि परिजनों ने अधिवक्ता के मुंशी पप्पू से मारपीट की। घर में घुसकर छेड़छाड़ की। पुलिस ने दूसरे पक्ष से तहरीर लेकर पप्पू पक्ष के लोगों पर ही रिपोर्ट दर्ज कर दी। पीड़ित पप्पू की तहरीर पर कार्रवाई नहीं की। उनका आरोप है कि कंकरखेड़ा पुलिस पीड़ित को ही धमका रही है। वहीं, एसपी क्राइम रामअर्ज का कहना है कि सीओ दौराला को जांचकर निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हंगामा करने वालों में अधिवक्ता सत्येंद्र ढाका, सचिन, नरेश, परविंदर तोमर, संदीप सिरोही, अजय स्वामी, सचिन कौशल, बृजेश भाटी, कमरुद्दीन व अन्य रहे।