मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर टेंपो में युवती से दरिंदगी करने वाले दोनों आरोपियों को कचहरी में वकीलों ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने बमुश्किल उनकी जान बचाकर कोर्ट में पेश किया। बाद में उन्हें जेल भेज दिया।
टीपीनगर थानाक्षेत्र निवासी युवती से बृहस्पतिवार को टेंपो में चालक बॉबी गुप्ता निवासी माधवपुरम और उसके साथी राहुल उर्फ गोलू निवासी परतापुर ने हाईवे पर छेड़छाड़ की। पांच किलोमीटर तक वह आरोपी उसे नोचते रहे। उससे दुष्कर्म का भी प्रयास किया। डाबका के पास युवती ने टेंपो से कूदकर जान बचाई थी। शुक्रवार को पुलिस दोनों आरोपियों का मेडिकल कराने ले जा रही थी। इसी दौरान वह सिपाही से राइफल छीनकर भाग गए। हालांकि बाद में हुई मुठभेड़ में उनको डाबका के जंगल से पकड़ लिया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से आरोपी राहुल घायल हो गया। दरोगा सूरजपाल भी घायल हुए थे।
शनिवार को दोनों आरोपियों को कंकरखेड़ा पुलिस कचहरी लेकर पहुंची। आरोपियों को देखकर वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। वकीलों ने उनकी जमकर धुनाई कर दी। पुलिस ने दोनों को बचाकर कोर्ट में पेश किया। सीओ दौराला जितेंद्र सरगम का कहना है कि कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वारदात के बाद हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।