बीए, बीएससी और बीकॉम को छोड़कर किसी दूसरे विषय में खास नहीं होना बदलाव
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में समान सिलेबस से जहां बीए, बीकॉम और बीएससी में बदलाव आएगा, वहीं कई विषयों में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। लॉ और मेडिकल के कोर्सों में मामूली ही बदलाव होगा। इन विषयों में पहले से ही काफी समानता है।
अभी तक तमाम विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में यूजी और पीजी कोर्सों में समानता नहीं है। सीसीएसयू में कैंपस और कॉलेजों में का सिलेबस ही समान नहीं है। प्रदेश सरकार ने अब उच्च शिक्षा के सुधार के लिए पूरे प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में चल रहे कोर्सों का सिलेबस एक करने को कहा है। इस सिलेबस में 70 फीसदी पूरे यूपी में एक जैसा होगा। 30 फीसदी सिलेबस को विवि स्तर पर बदला जा सकता है। विवि प्रशासन सभी डीन को सिलेबस का अध्ययन करने के लिए भेज चुका है।
ऐसे में जहां कई कोर्सों में बदलाव होगा। लॉ और मेडिकल के कोर्सों में मामूली फेरबदल ही है। लॉ के सभी कोर्सों का अनुमोदन बार काउंसिल ऑफ इंडिया भी करती है। ऐसे में देशभर के संस्थानों में लॉ के कोर्सों में अधिक बदलाव नहीं है। सीसीएसयू में लॉ की डीन डॉ. अंजलि मित्तल ने बताया कि लॉ में पहले से ही सिलेबस में काफी समानता है। ऐसे में इसमें अधिक बदलाव नहीं होगा। मेडिकल के कोर्सों को मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता मिलती है, ऐसे में उनमें भी सभी कोर्सों में हर जगह समानता ही है।