लावड़। कस्बे के सैनीनगर में रहने वाले जिला अस्पताल का एक कर्मचारी शनिवार को कोरोना पॉजिटिव निकला। इसका पता चलने के बाद से कस्बे में दहशत का माहौल है। वहीं, कस्बे के किसानों, आढ़तियों व आम लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। दरअसल पॉजिटिव निकला व्यक्ति सब्जी मंडी के पास में ही रहता है।
मेरठ जिले में लगातार पॉजिटिव केस मिल रहे है। लावड़ में स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की सतर्कता के चलते यहां लॉकडाउन 4 तक कोई केस नहीं मिला। शनिवार को कस्बे में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से हड़कंप मच गया। कस्बे के सैनीनगर में रहना वाला एक व्यक्ति जिला अस्पताल में कोविड-19 की लैब में सफाईकर्मी है। कुछ दिन से उसे बुखार की शिकायत थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद से ही परिजनों व कस्बे के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कस्बे में यह पहला मामला है, जब कोई कोरोना पॉजिटिव का केस मिला है। उक्त व्यक्ति लावड़ की सब्जी मंडी के पास रहता है। इस कारण किसानों, आढ़तियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उक्त व्यक्ति को उपचार के लिए भेज रही है साथ ही परिवार के तीन सदस्यों को क्वारंटीन किया जाएगा। सीएचसी प्रभारी डा. प्रशांत कुमार का कहना है कि जिला अस्पताल से ही इस मामले में कार्रवाई की जा रही है। उन्हें कोई आदेश नहीं दिए गए है।
32 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे
दौराला। दौराला चीनी मिल के चैरिटेबल अस्पताल में फार्मासिस्ट के कोरोना पॉजिटिव मिलने व जानलेवा हमले का आरोपी जमालपुर निवासी छात्र कोरोना पॉजिटिव मिला था। शनिवार को सीएचसी दौराला की टीम ने दौराला थाने के समस्त पुलिसकर्मी व चैरिटेबल अस्पताल के कर्मियों के सैंपल लिए। जानलेवा हमले का आरोपी दो दिन दौराला थाने में बंद रहा, जिसको लेकर सभी पुलिसकर्मियों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। सीएचसी प्रभारी डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि 32 सैंपल जांच को भेजे गए है।