संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव शाफियाबाद लोटी में राशन लेने के लिए फोन कॉल करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चले और मारपीट हुई। राशन डीलर के घर में रखे सामान में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाफियाबाद लोटी निवासी विनित पुत्र ताराचंद्र ने बताया कि 17 जुलाई की शाम उसने राशन डीलर अजीत को कॉल करके राशन लेने आने के लिए बात की। वह रात करीब 8:00 बजे राशन डीलर के यहां पहुंचा। डीलर के दोनों बेटों अर्जुन और अनुज ने कॉल करने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी।
दूसरे पक्ष से मानसी पत्नी सचिन ने बताया कि विनित लगातार कॉल करके उन्हें परेशान कर रहा था। वह राशन लेने दुकान पर पहुंचा तो उससे बार-बार कॉल करने का कारण पूछा तो वह भड़क गया और भुगत लेने की धमकी देकर चला गया। 15 मिनट बाद अपने साथ ताराचंद्र, रामवीर, भूपेंद्र, देवेश और अपनी माता के अलावा चार-पांच अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुस गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और घर में खड़ी कार और बाइक में जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने राशन वितरण मशीन भी तोड़ दी। इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने अर्जुन, अनुज, विनित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सीओ किठौर रामप्रकाश का कहना है कि दोनों पक्ष एक ही कुनबे से ताल्लुक रखते हैं। राशन लेने और आपसी विवाद का मामला है। दोनों पक्षों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य जांच के लिए जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।