नमो भारत कनेक्ट एप में भी है सुविधा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नमो भारत रैपिड रेल में यदि आपका कोई सामान खो जाए तो चिंता की बात नहीं है, क्योंकि ट्रेन में खोया अधिकांश यात्रियों का सामान वापस मिल रहा है। खोया सामान वापस पाने के लिए एनसीआरटीसी की ओर से एक नंबर जारी किया गया है, जबकि गाजियाबाद स्टेशन पर लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर की सहायता से अब तक यात्रियों की 160 से अधिक मूल्यवान वस्तुएं वापस लौटाई गई हैं। इनमें लैपटॉप, स्मार्ट मोबाइल फोन, कलाई घड़ी, एजुकेशनल डॉक्युमेंट्स, मेडिकल रिपोर्ट्स, पर्स, इयर बड्स, ब्लूटूथ डिवाइस, ट्रॉली बैग्स, आईपैड, कार और बाइक की चाबियां, किताबें और कपड़ों समेत अन्य सामान शामिल हैं।
नमो भारत कॉरिडोर पर अक्टूबर 2023 में नमो भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया। मौजूदा समय में दिल्ली के न्यू अशोक नगर से लेकर मेरठ साउथ तक नमो भारत सेवाएं उपलब्ध हैं। हर ट्रेन में तैनात ट्रेन अटेंडेंट चलती ट्रेन में राउंड लेते रहते हैं। ट्रेन में यात्रियों द्वारा भूली गई वस्तुओं समेत ट्रेन के अंदर की सभी गतिविधियों की मॉनिटरिंग करते हैं। नमो भारत कनेक्ट एप में मौजूद लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर के विकल्प में जाकर यात्री नमो भारत स्टाफ को मिली वस्तुओं की सूची में अपने खोये हुए सामान की जानकारी लेकर उसे वापस लेने की दावेदारी कर सकते हैं।
इसके साथ ही यात्री नमो भारत के हेल्पलाइन नंबर 08069651515 पर भी कॉल करके अपने सामान से संबंध में सूचना दे और ले सकते हैं। एनसीआरटीसी अधिकारियों के मुताबिक स्टेशनों में छूटा सामान 24 घंटों के भीतर उसी स्टेशन से सत्यापन के बाद वापस लिया जा सकता है, जहां वह छूटा था। दूसरी ओर ट्रेनों में छूटे सामान को गाजियाबाद में नमो भारत स्टेशन में बने लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर से वापस पाया जा सकता है।