सरधना। नगर में प्रस्तावित बस अड्डे का निर्माण फिलहाल अटका हुआ है। नगर पालिका के पास बस अड्डे के लिए कोई उपयुक्त खाली भूमि उपलब्ध ही नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की योजना पर असमंजस की स्थिति बन गई है। अब नगर पालिका परिषद ने तहसील प्रशासन से सहयोग मांगा है।
अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने तहसीलदार को पत्र भेजा है। इसमें अनुरोध किया कि यदि तहसील क्षेत्र में कहीं उपयुक्त भूमि उपलब्ध हो तो उसकी पैमाइश कर रिपोर्ट तैयार कराई जाए। गत माह परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक की ओर से नगर पालिका को पत्र भेजकर बस अड्डे के लिए भूमि की उपलब्धता की जानकारी मांगी गई थी। इस पत्र के जवाब में 15 जुलाई को पालिका की ओर से तहसीलदार को सूचित किया गया कि पालिका क्षेत्र में इस उद्देश्य के लिए कोई भी खाली भूमि उपलब्ध नहीं है।
सरधना कस्बे में बस अड्डे की मांग वर्षों पुरानी है। फिलहाल यात्री बसें देवी मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी होती हैं। इससे जाम की समस्या रहती है। काफी समय से यहां अड्डे के निर्माण का इंतजार किया जा रहा है।