मवाना। गांव धूमा नंगली में जमीन की पैमाइश के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किए जाने के मामले में पीड़ित पक्ष बुधवार को फिर एसडीएम से मिला। एसडीएम ने 23 जून को दोबारा पैमाइश कराने की बात का आश्वासन दिया।
गांव धूमा नंगली निवासी रमेश गिरी ने 26 मई को ग्रामीणों के साथ तहसील में धरना देकर विरोध जताया था। तहसीलदार निरंकार सिंह को दिए पत्र में 27 फरवरी के पारित आदेश को नियम विरुद्ध बताया था। जिसमें कानूनगो पर सही पैमाइश नहीं करने का आरोप लगाया था। उक्त मामले में बीते बुधवार को कानूनगो सीताराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेत की पैमाइश की थी लेकिन पैमाइश के बाद कार्रवाई नहीं होने से मंगलवार को पीड़ित परिवार की महिलाओं और 10-12 लोगों ने तहसील में पहुंच कर धरना दिया था। महिलाएं एसडीएम संतोष कुमार सिंह की गाड़ी के आगे लेट गई थी। एसडीएम ने इनको बुधवार को तहसील आने के लिए कहा था। पीड़ित पक्ष बुधवार को पुनः तहसील पहुंचा और एसडीएम से मिला। एसडीएम ने 23 जून को पुनः भूमि की पैमाइश कराने की बात कही।