पेपर लीक मामले में गिरफ्तार ललित राज शर्मा को पहले ही अपनी गिरफ्तारी का अंदेशा हो गया था और वह मां की बीमारी का बहाना बनाकर करीब 16 दिन पहले छुट्टी लेकर चला आया था। धामपुर के जिस विवाह मंडप से उसे गिरफ्तार किया गया, उसमें उसकी साझेदारी की बात भी सामने आ रही है।
लोगों का कहना है कि सरकारी नौकरी लगने के बाद उसका लाइफ स्टाइल में काफी बदल गया था और उसने आस पड़ोस के लोगों से बात करना बंद कर दिया था। इस दौरान अकूत संपत्ति बनाई। मोहल्ला बाड़वान में रहने वाले ललित राज शर्मा की वर्ष 2015 में सहारनपुर नगर निगम के जलकल विभाग में नौकरी लगी थी।
साल 2016 में उसकी शादी रुड़की निवासी मोनिका शर्मा से हुई। मोनिका के पिता की रुड़की में राजनीति में मजबूत पकड़ है। शादी के कुछ समय बाद ही वह पत्नी की भी सरकारी नौकरी लगवाने की जुगत में लग गया। वर्ष 2019 में मोनिका की देहरादून के जल विद्युत निगम लिमिटेड में अवर अभियंता के पद नियुक्ति हो गई।
सूत्रों का कहना है कि बाद में उसके संबंध पेपर लीक मास्टरमाइंड उत्तराखंड निवासी हाकम सिंह से हो गए। हाकम सिंह पर विश्वास होने के बाद ललित भी उसके गिरोह में सक्रिय हो गया। बेरोजगारों को नौकरी, उच्च स्तरीय परीक्षा में पास कराने की गारंटी देने लगा था। ललित के घर पर ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक अभ्यर्थियों को पेपर सॉल्व कराया गया। दो दिन पहले धामपुर से एसटीएफ ने ललित को गिरफ्तार किया तो मोहल्लेवासियों उसकी करतूतों का पता चला।