पुराने लेंटर की छत का नीचे का हिस्सा गिरा स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते गांव तारापुर में एक मजदूर के मकान की छत का लेंटर का हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। हादसा रात करीब 2:00 बजे हुआ। उस समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे। गनीमत रही कि छत का हिस्सा गिरने से पहले आवाज होने पर परिवार के लोग संभल गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे में घर में रखा सामान क्षतिग्रस्त होकर बर्बाद हो गया। तारापुर निवासी मूलचंद पुत्र गजे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मूलचंद ने बताया कि बुधवार रात वह अपनी पत्नी खुशबू और बच्चों कृष्ण व राधिका के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 2:00 बजे अचानक मकान की छत के लेंटर का निचला हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। तेज आवाज सुनकर परिवार में अफरातफरी मच गई। मूलचंद और उनकी पत्नी बच्चों को लेकर तत्काल घर से बाहर निकल आए। छत का मलबा घर के अंदर गिरने से वहां रखा घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
-
मूसलाधार बारिश से मकान की छत गिरी, हादसा टला
बहसूमा। रामराज में कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते मजदूर कुंवरपाल के मकान की छत बृहस्पतिवार को अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। छत गिरने से कमरे में रखा खाने-पीने का सामान और लकड़ी का बेड क्षतिग्रस्त हो गया। कुंवरपाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण छत में पानी भर गया था। जिससे छत अचानक नीचे आ गिरी। परिवार के लोग अक्सर खाली समय में इसी कमरे में बैठते थे। हादसे के समय कमरे में किसी के नहीं होने से जनहानि नहीं हुई। पीड़ित कुंवरपाल ने बताया कि मकान की छत गिरने से उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने शासन-प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पुराने लेंटर की छत का नीचे का हिस्सा गिरा स्रोत संवाद