- घायलों को भी दी 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सहारनपुर स्थित मां शाकुंभरी देवी के दर्शन कर लौटते समय देवबंद में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कुशावली गांव के चार श्रद्धालुओं के परिजनों से मंगलवार को सपा विधायक अतुल प्रधान ने मुलाकात की। उन्होंने सांत्वना देते हुए प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। साथ ही हादसे में घायल छह लोगों को उपचार और अन्य जरूरतों के लिए 10-10 हजार रुपये की सहायता दी।
हादसे में जान गंवाने वाले सतेंद्र सोम पुत्र ओमप्रकाश, सागर सोम पुत्र राजेंद्र, रमेश सोम पुत्र सूरज बली और अमन राणा पुत्र चंदन सिंह राणा के परिजनों से मुलाकात के दौरान विधायक ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे से कई परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है। विधायक की ओर से सुमित सोम, कुलदीप सोम, जितेंद्र सोम, मोनू सक्सेना, नरेंद्र सोम और विक्रांत सोम को भी 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। ये सभी हादसे में घायल हुए थे।
जाम लगाने वालों पर मुकदमे को लेकर नाराजगी
मृतकों के परिजनों से मुलाकात के दौरान अतुल प्रधान ने अटेरना पुल पर गंगनहर पटरी पर जाम लगाने वाले ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि हादसे में अपनों को खोने वाले परिवार पहले ही दुख से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय मुकदमे दर्ज करना उचित नहीं है। विधायक ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने की जरूरत है, न कि उनकी परेशानी बढ़ाने की।
-