अमर उजाला....रजबन स्थित तालकटोरा स्टेडियम में चौधरी जगन सिंह तोमर फुटबाल टूनामेंट में गोल मारने
रजबन स्थित तालकटोरा फुटबाल मैदान में चल रहे चौधरी जगन सिंह तोमर ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट में बुधवार को तीन मैच खेले गए। इसमें मेरठ स्पोर्टिंग, सुपर सिक्स बिहार और जेनेक्स क्लब की टीम ने मैच जीते। मेरठ स्पोर्टिंग क्लब की टीम की ओर से कुशाग्र ने अपनी हैट्रिक से टीम को एकतरफा जीत दिलाई और अगले दौर में प्रवेश कराया।
मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विनय शर्मा और राष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी राजकुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। बुधवार को पहला मुकाबला आरएफसी मुजफ्फरनगर और मेरठ स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। मैच के पहले मिनट में ही मेरठ स्पोर्टिंग के कुशाग्र चौधरी ने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। मैच के 10वें मिनट में कुशाग्र ने एक और गोल दागा। 16वें मिनट में कुशाग्र ने लगातार तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद अश्वनी कुमार और आशु ने दो-दो गोल और मारकर टीम को 7-0 से आगे कर दिया। आरएफसी मुजफ्फरनगर की टीम मैच में एक भी गोल नहीं कर सकी। मेरठ स्पोर्टिंग ने इस तरह 7-0 से जीत दर्ज कर ऑल इंडिया राउंड के लिए क्वालिफाई किया।
दूसरा मैच सुपर सिक्स फुटबाल क्लब बिहार और थंडर फुटबाल क्लब गढ़वाल के बीच खेला। मैच के 29वें मिनट में बिहार के परमेश्वर ने शानदार खेल का नजारा दिखाते हुए 25 गज की दूरी से गोल मारकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गढ़वाल की टीम ने गोल करने की बहुत कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। अंत में सुपर सिक्स फुटबॉल क्लब बिहार ने 1-0 से मुकाबला जीतकर ऑल इंडिया राउंड में प्रवेश किया।
तीसरा मुकाबला ऑल इंडिया राउंड में जेनेक्स फुटबाल क्लब और मिलन फुटबाल क्लब मुरादाबाद के बीच खेला गया। मैच के पहले हाफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में आमिर ने मुरादाबाद की रक्षा पंक्ति को छकाते हुए शानदार हेडर से गोल मारकर जेनेक्स क्लब को 1-0 की बढ़त दिलाई। मैच के 50वें मिनट में आमिर ने एक बार फिर मुरादाबाद की रक्षा पंक्ति में हलचल मचाते हुए अपने लेफ्ट फुटर से शानदार गोल मारकर स्कोर 2-0 पहुंचाया। इसके बाद अक्षत ने शानदार गोल किया और अपनी टीम जेनेक्स फुटबॉल क्लब को 3-0 से जीत दिलाते हुए अगले दौर में पहुंचा दिया।
आयोजन सचिव पवन तोमर व राजेश यादव ने बताया बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से ऑल इंडिया राउंड के चार मैच खेले जाएंगे। इस मौके पर नववर्ष भी मनाया जाएगा। मैच के सफल आयोजन में राजेश यादव, एलपी सिंह, अभिनव तोमर, भीष्म सिंह, वीर सिंह, शैलेंद्र, दिनेश यादव, अशोक भटनागर आदि का विशेष योगदान रहा।