मुंडाली। करीब दो माह पूर्व मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा में घुड़चढ़ी के दौरान कोशिंद्र की हत्या किए जाने के मामले में एसओ मुंडाली और सीओ किठौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर अन्य थाने से मामले की जांच कराने की मांग की है। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव बढ़ला कैथवाड़ा निवासी हंसराज विधवा भाभी पूजा और ग्रामीणों के साथ एसएसपी कार्यालय पर पहुंचा। उसने बताया कि 13 अप्रैल की रात 10 बजे गांव में बरात की घुड़चढ़ी के दौरान उसके छोटे भाई कोशिंद्र की गांव के ही संदीप, प्रदीप, मुकेश, किरणपाल, राजेश, निर्भय ने घर में घुसकर चाकुओं मारकर हत्या कर दी थी। हंसराज और मृतक की पत्नी पूजा का आरोप है कि थाना पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय विवेचना में कुछ आरोपियों के नाम निकाल दिए और चश्मदीद गवाहों को भी हटा दिया। पीड़ित ने एसओ मुंडाली दिव्यप्रताप सिंह एवं सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह के विरुद्ध कार्रवाई करने और हत्या के मुकदमे की विवेचना अन्य थाने में ट्रांसफर करने की मांग की है।
एसओ मुंडाली दिव्य प्रताप सिंह ने बताया कि किसी भी नामजद का नाम मुकदमे से नहीं निकाला गया है। इस मामले में छह आरोपी नामजद थे, जिसमें पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक आरोपी निर्भय फौज में तैनात है, उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने पर उसे भी जेल भेजा जाएगा। हंसराज पक्ष की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।