गांवड़ी के ग्रामीणों के विरोध के कारण डंपिंग ग्राउंड तक कूड़े की गाड़ियां नहीं पहुंच पा रही हैं। शुक्रवार को कूडे़ से लदीं 52 गाड़ियां जगह-जगह खड़ी रहीं। शनिवार को भी कूड़ाघरों से कूड़ा न उठने के कारण लोगों को बदबू के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, बकरीद भी नजदीक है। ऐसे में जल्द कोई समाधान नहीं निकला तो हालात और विकट हो जाएंगे।
यह है स्थिति
शहर से प्रतिदिन निकलने वाले 800 मीट्रिक टन कूड़े को डालने के लिए नगर निगम के पास गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड के अलावा कोई स्थान नहीं है। इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता है कि कई दावों के बावजूद भी नगर निगम प्रशासन शहर को कूड़े से निजात दिलाने में कोई ठोस योजना अमल में नहीं ला पाया है।
गांवड़ी में ग्रामीणों का विरोध
निगम प्रशासन के पास जो एकमात्र गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड है, कूड़ा निस्तारण न होने और बदबू के कारण ग्रामीणों ने यहां भी कूड़ा डालने का विरोध कर दिया था। जिसके चलते कई गाड़ियों को वापस भेज दिया गया था। इसके बाद नगर निगम शहर में हापुड़ रोड, बिजली बंबा, किला रोड, बाईपास पर सड़क किनारे कूड़ा डालने लगा। इसका उन क्षेत्रों में रहने वाली जनता ने विरोध करना शुरू कर दिया।
निगम ने खींचे कदम
कमिश्नर के निर्देश पर शुक्रवार से शहर का कूड़ा गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड पर डालने का निर्णय लिया गया था। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के सामने नगर निगम ने अपने कदम खींच लिए। इसका नतीजा यह हुआ कि कूड़े की सभी गाड़ियां शहर में जगह-जगह खड़ी रहीं। दो दिन में 1600 मीट्रिक टन कूड़ा शहर में जमा हो गया है। नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान ने शनिवार को जिलाधिकारी को पत्र लिखकर पुलिस फोर्स की मांग की है। ताकि कूडे़ की गाड़ियां डंपिंग ग्राउंड तक पहुंच सकें।
लेना होगा ठोस फैसला
शहर के लोगों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन को गांवड़ी के अलावा भी कोई वैकल्पिक स्थान का चयन करने का ठोस फैसला लेना चाहिए। निगम यदि इस स्थान का समय रहते चयन कर लेता है तो आज इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता।
निकालेंगे इसका समाधान
इस बाबत नगर निगम अधिकारियों ने मुझे अभी पूरी रिपोर्ट नहीं दी है और ना ही सही स्थिति से अवगत कराया है। रविवार सुबह ही नगरायुक्त से इस प्रकरण में बात कर इसका समाधान निकाला जाएगा। शहर से कूड़ा उठना चाहिए और उसका निस्तारण भी जरूरी है। -अनिल ढींगरा, डीएम
फोर्स मिलते ही डलेगा कूड़ा
गांवड़ी के ग्रामीण कूड़ा डालने का विरोध कर रहे हैं। बकरीद आ रही है, इसलिए शहर से अधिक कूड़ा निकलने वाला है। इसे ध्यान में रखते हुए नगरायुक्त ने डीएम को पत्र लिखा है। यदि पुलिस मिल जाती है तो गांवड़ी में कूड़ा डलना शुरू हो जाएगा। -डॉ. कुंवरसेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी