उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले का किठौर क्षेत्र अवैध हथियारों की सप्लाई का गढ़ बन चुका है। पहले आतंकी गतिविधियों के चलते एनआईए और अब खालिस्तान आतंकियों को अवैध हथियार सप्लाई करने के खुलासे के बाद भी किठौर पुलिस ने दूसरे दिन जांच नहीं की। ऐसे में पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।
किठौर क्षेत्र में कई बार दिल्ली, पंजाब, बिहार आदि राज्यों की पुलिस अवैध हथियारों को लेकर छापा मार चुकी है। इन राज्यों की पुलिस अपने यहां किठौर क्षेत्र के सप्लायर पकड़ चुकी है। इसके बाद भी स्थानीय पुलिस नेटवर्क को नहीं तलाशती। सूत्रों के अनुसार हथियार सप्लायर सत्ता बदलते ही उसी पक्ष की तरफ हो जाते हैं, जिस कारण पुलिस दबाव में कार्रवाई नहीं कर पाती।
किठौर क्षेत्र के राधना, नंगली अब्दुल्ला और मुंडाली के जिसौरा, जिसौरी, शफियाबाद लौटी, कैथवाडा बढ़ला, परीक्षितगढ़ के अहमदनगर बढ़ला, सौंदत और खादर क्षेत्र के कई गांवों में अवैध हथियारों का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।