पटेल मंडप में लोकतंत्र में सत्ता संघर्ष पर व्यंग्यात्मक प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नौचंदी मेला में शुक्रवार रात पटेल मंडप में यूनाइटेड प्रोग्रेसिव थिएटर एसोसिएशन (उपटा) शहर के कलाकारों ने चर्चित हास्य नाटक किस्सा कुर्सी का मंचन किया। नाटक में सत्ता कुर्सी हासिल करने की होड को व्यंग्यात्मक और हास्यपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया और राजनीति करने वालो पर हास्यपद अंदाज में तीखे कटाक्ष किए।
इस नाटक को देखने आए दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय और संवादों की जमकर सराहना की। नाटिका मे समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा तिकड़म और चालाकियों से कुर्सी हथियाने की कोशिशों को रोचक ढंग से मंचित किया गया। नाटक की शुरुआत सबकी नजर है कुर्सी पर गीत और सभी कलाकारों के आकर्षक नृत्य से हुई। नृत्य निर्देशन शेन विलियम ने किया। नाटक में ध्वनि एवं प्रकाश प्रभाव की जिम्मेदारी जितेंद्र सी राज ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन सीमा समर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ जनप्रतिनिधि और मेला समिति के पदाधिकारियों ने किया।
नाटक के निर्देशक एवं वरिष्ठ रंगकर्मी भारत भूषण शर्मा ने मुख्य भूमिका में शानदार अभिनय किया। पंडित की भूमिका में अनिल शर्मा, सब्जी वाले शराफत हुसैन की भूमिका में सागर शर्मा, पहलवान के रूप में दिव्यांश शर्मा, सेवक की भूमिका में उज्ज्वल सिंह रहे। राजा के अंगरक्षकों के रूप में वैभव गौड़ एवं अनुज कुमार, पूंजीपति की भूमिका में प्रत्यक्ष सारस्वत रहे। पीड़ित महिला के रूप में सीमा कौशिक, क्रांतिकारी नेता पतिराम के रूप में वरुण शर्मा तथा राजा के सहायक के रूप में जयवीन पटेल ने प्रभावशाली अभिनय प्रस्तुत किया। सूत्रधार की भूमिका में विभोर गौड़, नट रसिया के रूप में शेन विलियम तथा नटी जुगनी के रूप में सीमा समर ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।