मेरठ। दिल्ली में किन्नर एकता जोशी की हत्या कोतवाली के शातिर अपराधी सलमान के भाई आमिर ने किन्नर के दूसरे पक्ष से 50 लाख की सुपारी लेकर की थी। एसटीएफ मेरठ ने आमिर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के जीटीबी एंकलेव में 5 सितंबर को किन्नरो की गुरु एकता जोशी की हत्या कर दी गई थी। वह दिल्ली के सभी किन्नरों का गुरु होने की दौड़ में थी। पुलिस के अनुसार आमिर ने किन्नर एकता की हत्या करना कबूल कर लिया है। वहीं, शातिर सारिक और सलमान गैंग में चल रही गैंगवार में 8 लोग मारे जा चुके हैं। सारिक गैंग को फसाने के लिए सलमान ने 2016 में भी साकेत में एक किन्नर की हत्या 50 लाख की सुपारी देकर कराई थी। इसके बाद पूर्व पार्षद किन्नर की भी लिसाड़ी गेट में इसी गैंगवार में हत्या हुई थी। बताया जाता है कि सलमान का किन्नरों से गहरा नाता है। वह कई साल से जेल में है, बावजूद किन्नर जेल में उससे मिलने जाते हैं। उसका सारा खर्च कुछ किन्नर उठा रहे हैं, जिसके चलते आमिर भी उनसे जुड़ गया। सीओ एसटीएफ बृजेश सिंह का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में टीम लगी है। ब्यूरो