रोहटा। बजाज शुगर मिल किनौनी ने अपने चालू पेराई सत्र में 27 दिन के पेराई काल में साढ़े 27 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करते हुए 9.88 फीसदी की औसत रिकवरी पर 2.54 लाख चीनी के बोरों का उत्पादन किया है।
मिल के उपाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि चीनी मिल ने तीन नवंबर को अपने 20वें पेराई सत्र का शुभारंभ किया था। मिल प्रबंधन ने 190 गन्ना क्रय केंद्रों को स्थापित कर अपने 27 दिन के पेराई काल में साढ़े 27 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की। उन्होंने बताया कि चीनी मिल ने अपने विगत पेराई सत्र का बकाया गन्ना भुगतान सभी संबंधित गन्ना समितियों के माध्यम से किसानों के खातों में भेज दिया है।
इसमें मलियाना समिति 10.80 करोड़, दौराला, 10.97 करोड़, मालापुर 4.74 करोड़, मोदीनगर 83 लाख व बागपत 2.70 करोड रुपये है। इसके अलावा जल्द ही चालू पेराई क्षेत्र का गन्ना भुगतान भी भेजने की तैयारी चल रही है। उन्होंने किसानों से साफ और ताजा गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की।