वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बागपत के लुहारी गांव में शराब के ठेके में सो रहे सेल्समैन की बदमाशों ने गला रेत कर हत्या कर दी। इस वारदात की बृहस्पतिवार सुबह उस समय जानकारी मिली, जब उसका भतीजा चाय लेकर ठेके में गया। सेल्समैन का भतीजा जैसे ही ठेके में पहुंचा तो वहां लाश देख सन्न रह गया। सूचना पर एसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के भतीजे ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
पढ़ें : प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला, लाश बोरे में बंद कर...
मृतक अंग्रेज पाल सिंह (50) पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह लुहारी गांव का रहने वाला है। वह अविवाहित है। काफी समय से वह लुहारी गांव में शराब के ठेके पर सेल्समैन का कार्य करता था। बुधवार की रात में वह ठेके में सो रहा था। सुबह जब उसका भतीजा संजीव पुत्र विक्रम ठेके में उसे चाय देने पहुंचा तो ठेके के किवाड़ खुले मिले और वह चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था। उसकी गला रेत कर हत्या की और शरीर पर भी धारदार हथियारों के निशान हैं। उसने वारदात की जानकारी परिजनों को दी। हत्या की खबर सुनते ही गांव में सनसनी फैल गई और काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर एसपी जय प्रकाश सिंह, सीओ रामानंद कुशवाहा और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस वारदात के पीछे अभी तक पुलिस जांच में लूट का विरोध करना, रंजिश या और कुछ हत्या का कारण भी हो सकता है, बताया जा रहा है। इस संबंध में मृतक के भतीजे संजीव ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/