मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में छात्र की पिटाई कर उसके चेहरे पर पेशाब करने के मामले में एक बार फिर आरोपियों की घेराबंदी की गई है। आरोपियों पर अपहरण की धारा बढ़ाई गई है। एक आरोपी आशीष मलिक को अपहरण और तमंचे के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों पर भी अपहरण के मामले में कार्रवाई होगी। इससे पहले आरोपी युवकों को पकड़ा गया था। उन्हें जमानत मिल गई थी।
गंगानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने पिछले वर्ष 12वीं की थी। वह 13 नवंबर की रात मेडिकल के जागृति विहार में मौसी के घर गया था। वहां उसका दोस्त राजन मिल गया था। वह उसे साथ ले गया था। इसके बाद आशीष मलिक निवासी अजंता कॉलोनी, मोहित ठाकुर निवासी सोमदत्त विहार, अवि शर्मा निवासी जेल चुंगी और तीन अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी। वे सभी शराब के नशे में थे। उन्होंने छात्र को लाठी-डंडों से पीटा था। इसके बाद गले में बेल्ट डालकर पिस्टल मुंह में ठूंस दी थी। इसके बाद युवक को जागृति विहार में सुनसान इलाके में ले गए थे। यहां जान से मारने की धमकी देकर उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया था।
घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया गया था। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। यहां से उन्हें जमानत मिल गई थी। अब पुलिस ने सभी आरोपियों पर अपहरण की धारा बढ़ा दी है। वहीं आशीष मलिक को अपहरण और तमंचा मिलने की धारा में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मेडिकल थाना प्रभारी ने बताया कि आशिष के कब्जे से तमंचा भी बरामद किया गया है। वहीं अन्य आरोपियों को भी अपहरण की धाराओं में जेल भेजा जाएगा।