अभिनेता मुश्ताक खान और कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण के मामले में फरार चल रहा पूर्व सभासद रिक्की उर्फ सार्थक चौधरी बुलंदशहर से बिजनौर पुलिस और एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया है। सर्विलांस के माध्यम से पुलिस उस तक पहुंची है।
लवी पाल।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस लवी पाल के साथ-साथ रिक्की समेत अन्य लोगों की तलाश का रही थी। शुक्रवार को एसटीएफ और स्वाट टीम ने सार्थक को बुलंदशहर से दबोच लिया। वह कई दिन से दिल्ली और उत्तराखंड में घूम रहा था। दो दिन से बुलंदशहर में ठिकाना बनाए हुआ था। शुक्रवार सुबह एसटीएफ मेरठ और बिजनौर पुलिस ने बुलंदहशर के एक मकान से उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसने छत के पीछे से कूदकर भागने का प्रयास भी किया। पुलिस की टीम गोपनीय जगह लेकर जाकर पूछताछ कर रही है।
बयानों को क्रॉस चेक कर रही पुलिस
पुलिस की पूछताछ में आरोपी रिक्की ने ने बताया है कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री को लूटने के लिए लवी पाल ने ही बदमाशों का गैंग बनाया। बिजनौर के अलावा गाजियाबाद का एक बदमाश भी शामिल है। लवी से उसकी दोस्ती थी। पुलिस रिक्की, अर्जुन, आजिम और सैफू के बयान को क्रॉस चेक कर रही है।
केस में अब तक इन लोगों के नाम आए सामने
दोनों अभिनेताओं के अपहरण के मामले में बिजनौर निवासी लवी पाल, अर्जुन कर्णवाल, पूर्व सभासद सार्थक उर्फ रिक्की, अजीम, सैफुद्दीन के नाम सामने आए। लवी पाल मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में काम करने गया था। वहां पहुंचकर उसने कई कलाकारों से नजदीकी बढ़ाई। इसके बाद भी फिल्म में काम नहीं मिलने पर लौट आया। यहां अपने दोस्त अर्जुन कर्णवाल और सार्थक उर्फ रिक्की के साथ मिलकर उसने कलाकारों के अपहरण की योजना बनाई। इसके बाद फर्जी इवेंट कंपनी बनाई और लैटर हेड छपवाए। कलाकारों को इवेंट में बुलाने के लिए उनके खातों में रकम भेजी और एयर टिकट भेजकर बुलाया। हाईवे पर अपहरण कर लिया।
ऑडियो और चैट हुई वायरल
10 दिसंबर को सुनील पाल की दो ऑडियो वायरल हुई। एक ऑडियो में सुनील पाल किसी से फोन पर बात कर रहे हैं। इस ऑडियो को सुनने से लग रहा है कि सुनील पाल का अपहरण नहीं हुआ। पब्लिसिटी स्टंट के तहत पूरा नाटक रचा गया। दूसरी ऑडियो में सुनील पाल कह रहे हैं कि पहली ऑडियो में आवाज उन्हीं की है। अपहरणकर्ताओं ने डरा-धमकाकर जो कहलवाया, उन्होंने बोल दिया। इसके अलावा लवी पाल की एक कथित चैट भी वायरल हुई। जिसमें उसने लिखा है कि सर आपने हमें पूरी दुनिया के सामने किडनैपर साबित कर दिया। अब आप फोन भी नहीं उठा रहे हो। जब हम इस पूरे मामले की सच्चाई दुनिया के सामने रखेंगे तो आप किसी को मुंह दिखाने लायक भी नहीं रहेंगे। हालांकि सुनील पाल की पत्नी ने ऑडियो के एडिट होने का दावा किया।
सुनील पाल की फिल्म में बिजनौर के लोगों की रकम होने की चर्चा
पिछले महीने 22 नवंबर को सुनील पाल की फिल्म कॉफी विद अलोन रिलीज हुई थी। इस फिल्म की कहानी डिप्रेशन के शिकार लोगों से जुड़ी है। इस फिल्म की निर्माता उनकी पत्नी सरिता पाल हैं। फिल्म की कहानी सुनील पाल ने लिखी है और खुद ही इस फिल्म में अभिनय किया है। फिल्म को आजाद हुसैन ने निर्देशित किया है। चर्चा है कि इस फिल्म में बिजनौर के भी कुछ लोगों का पैसा लगा है।
आरोपियों ने राजनीति में भी आजमाया हाथ
लवी पाल और सार्थक उर्फ रिक्की राजनीति में भी हाथ आजमा चुके हैं। लवी पाल बिजनौर नगर पालिका में सभासद का चुनाव लड़ा था। लेकिन वह हार गया था। सार्थक उर्फ रिक्की सभासद रह चुका है। उसका अपराधिक इतिहास भी है। बिजनौर में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।
मुख्य आरोपी लवी पाल की मां की हालत बिगड़ी, अस्पताल में बोलीं, ये तुमने क्या कर दिया
फिल्म अभिनेता मुश्ताक खान और हास्य कलाकार सुनील पाल के अपहरण में शामिल रहा गिरोह पुलिस को लगातार चकमा दे रहा है। उत्तराखंड से लेकर दिल्ली तक आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। रिक्की को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उधर, मुख्य आरोपी लवी पाल उर्फ सुशांत की मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।