भावनपुर थाना क्षेत्र में हुई 12वीं की छात्रा खुशी की हत्या के बाद गोकुलधाम सोसाइटी के लोगों ने उसके उत्पीड़न की जानकारी दी। ननिहाल पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्हें बताया गया कि सौतेली मां पिंकी और पिता कपिल उसे घर में बंद कर घूमने चले जाते थे। कछुआ (खिलौना) टूटने पर उसे तीन दिन भूखा रखा गया था।
सौतेली मां ने किया ममता का कत्ल
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मां-पिता के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां, भावनपुर की गोकुलधाम सोसाइटी में 12वीं की छात्रा खुशी की सोते समय हत्या कर दी गई। पिता कपिल शर्मा और सौतेली मां पिंकी ने तकिया से उसका गला घोंटा। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। खुशी ने पहले ही जान का खतरा बताया था।
थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि कपिल और पिंकी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह तीन दिन से खुशी की हत्या करने की फिराक में थे, लेकिन मौका नहीं मिल रहा था। कपिल परतापुर स्थित एक दूध डेयरी के प्लांट में काम करता था। सोमवार रात को वह नाइट ड्यूटी पर गया था और मंगलवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे वापस घर लौटा।
उसने देखा कि सोसाइटी का सुरक्षाकर्मी सो रहा है। उसने फ्लैट पर आकर पिंकी को इसकी जानकारी दी और सोते समय खुशी के मुंह व गले पर तकिया रखकर हत्या कर दी। इसके बाद कपिल और पिंकी कार में खुशी का शव लेकर मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर-3 स्थित अपने पिता जगमोहन शर्मा के घर पहुंचे। इसके बाद अंतिम यात्रा वाली बस से अन्य परिजनों को बृजघाट ले जाकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। चार साल पहले पिंकी के बेटी होने के बाद से आरोपियों ने खुशी का उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
खुशी को लग गई थी भनक, मौसी को बताया था
खुशी मौसी व अन्य परिजनों को कॉल कर पहले ही जान को खतरा बताते हुए हत्या की आशंका जता चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी हत्या के कारण के संबंध में पुलिस को गुमराह करते रहे। आरोपी उसके चरित्र पर ही उंगली उठाने लगे। आरोपियों का कहना था कि उसके स्कूल से शिकायत आ रहीं थीं कि वह मोबाइल मांग कर किसी से बात करती है। उसके मामा का कहना है कि आरोपी ननिहाल में बात करने के लिए भी उसे मोबाइल नहीं देते थे। हालांकि इस संबंध में पुलिस छात्रा के स्कूल प्रबंधन से जानकारी हासिल करेगी।
जागृति विहार में की मारपीट
मंगलवार दोपहर तीन बजे पड़ोसी से खुशी की मौत की सूचना मिलने पर हापुड़ के पन्नापुरी निवासी उसके मामा भूपेंद्र शर्मा व अन्य परिजन जागृति विहार पहुंचे थे। कुछ देर बाद ही कपिल व उसके परिजन बृजघाट में खुशी का अंतिम संस्कार कर लौट आए। तब भूपेंद्र शर्मा के परिजनों ने उनसे कहा कि तुमने बेटी को मार डाला। इस बात पर आरोपियों ने ननिहाल पक्ष के लोगों से मारपीट कर दी।
खुशी की मां की भी हत्या का आरोप
खुशी के मामा भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी बहन प्रीति का विवाह वर्ष 2009 में कपिल से हुआ था। वर्ष 2017 में प्रीति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। आरोप है कि प्रीति की भी आरोपी कपिल ने हत्या कर दी थी। उनके एक बेटी खुशी और बेटा राधे थे। छह माह बाद ही कपिल ने पिंकी से दूसरा विवाह कर लिया था। कपिल मूलरूप से मुंडाली थाना क्षेत्र के समयपुर गांव का रहने वाला है। वह दूसरी पत्नी पिंकी, खुशी और राधे के साथ गोकुलधाम सोसाइटी में रहने लगा था।