सकौती उपखंड कार्यालय के बाहर टायर पंक्चर लगाने वाले सावेज की शनिवार देर रात पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। सावेज को सुपुर्द-ए-खाक करने के बाद पुलिस ने पड़ोसी व रिश्ते में चाचा यूसुफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला खुल गया।
यूसुफ के सावेज की पत्नी से अवैध संबंध थे। यूसुफ ने अपने भांजे मेरठ के हुमायूंनगर निवासी साहिल से फोन पर बात कर सावेज को पीटने की साजिश रची। साहिल ने इस काम के लिए अपने दोस्तों को भेजा। शनिवार देर रात पिटाई के दौरान सावेज सिर में चोट लगने से बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई। आरोपी उसका मोबाइल भी ले गए।
दो माह पहले हुआ था विवाद
दो माह पहले परिजनों ने सावेज की पत्नी को यूसुफ के साथ आपित्तजनक स्थिति में देख लिया था, जिसके बाद सावेज की यूसुफ से कहासुनी हुई थी और दोनों परिवारों का एक दूसरे के घर आना जाना बंद हो गया।
उस दिन से यूसुफ को सावेज को पीटने की साजिश रच रहा था। सावेज की मौत के बाद भी युसूफ ने भांजे साहिल को फोन पर कहा कि उसने मारपीट के लिए कहा था, हत्या के लिए नहीं। भांजे ने बताया कि वह नहीं आया था, उसके दोस्त आए थे।
पुलिस यूसुफ के भांजे साहिल व उसके दोस्तों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।