मेरठ। वेस्ट एंड रोड निवासी राधेश्याम सोनकर के बेटे केशव (25) की हत्या के मामले में दोनों आरोपी बहनोई अंश और उसके दोस्त आयुष को पुलिस जेल भेज चुकी है। इस मामले में हर्ष, छोटू और अभिषेक उर्फ छोटू पुलिस की पकड़ से बाहर है। उनकी पकड़ के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। केशव के पिता मेरठ विकास प्राधिकरण के कर्मचारी राधेश्याम सोनकर ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 12.40 बजे केशव अपने मकान पर था। इसी दौरान उसके बहनोई अंश ने फोन करके उसे घर से बाहर वेस्ट एंड रोड पर बुलाया। जैसे ही वह घर के बाहर आया तो उसके सीने में गोली मारकर हमलावर बाइक से भाग गए। बाद में केशव की अस्पताल में मौत हो गई थी।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि राधेश्याम की बेटी ने चार दिन पहले ही बेटे को जन्म दिया है। यह बेटा अंश का है। अंश उससे मिलने का प्रयास कर रहा था लेकिन केशव बीच में बाधा बना था। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।