बम-बम भोले के उद्घोष और केसरिया रंग से रविवार को शहर सराबोर नजर आया। हर तरफ भोले बाबा के भजनों की गूंज सुनाई दे रही है। सड़कों पर थोड़ी-थोड़ी दूर पर कांवड़ सेवा शिविर लगे हैं। सेवादारों में कांवड़ियों को भोजन कराने की होड़ लगी है। भोजन ही नहीं उन्हें चिकित्सा सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
शिव भक्त कांवड़ियों का सैलाब दिल्ली रोड और बाईपास पर उमड़ पड़ा है। रविवार दोपहर बाद हुई बारिश से कांवड़ियों को काफी राहत मिली। रात्रि में दिल्ली रोड और बाईपास पर कांवड़ शिविर रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग रहे। वहीं केसरिया वस्त्र पहने कांवड़िये शिविरों में आराम करते नजर आए। बेगमपुल से लेकर परतापुर तक 30 से ज्यादा स्थानों पर कांवड़ शिविर लगे हैं। दिल्ली रोड स्थित सुभद्रा फार्म हाउस के पास कांवड शिविर संचालक पूर्व पार्षद प्रेमचंद सैनी, कमल सिंह, विजयपाल, राज सर्विस स्टेशन के पास पदम सिंह सैनी, गोपाल, मदनलाल आदि ने बताया कि कांवड़ियों की सेवा में शाम को मेवा युक्त दूध, वहीं कच्चे, पक्के भोजन के साथ मिष्ठान की भी व्यवस्था की गई है।
डीजे पर झूम रहे कांवड़िये
कांवड़ शिविरों में रंग-बिरंगी लाइटों के साथ डीजे की भी व्यवस्था है। ऐसे में यहां रुकने वाले कांवड़िये भालेनाथ के भजनों पर नृत्य कर प्रभु भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं। कई कांवड़ टोलियां तो अपने साथ में डीजे लेकर बढ़ रही हैं। इनमें भोलेनाथ के भजन और देशभक्ति गीत बज रहे हैं।