केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से 2016 की भर्ती प्रक्रिया का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। टीजीटी, पीजीटी, पीआरटी और प्रिंसिपल के 6205 पदों के लिए आवेदन जारी किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया 27 सितंबर से ऑनलाइन शुरू होगी।
केवीएस की ओर से जारी नोटिफिकेशन के तहत प्राचार्य पद के 90, पीजीटी के 690, टीजीटी के 926 और प्राथमिक शिक्षक (पीआरटी) के 4499 पदों पर भर्ती की जाएगी। भौतिकी, विज्ञान, हिंदी, संगीत, संस्कृत, गणित, कला, सामाजिक विज्ञान समेत कई अन्य विषयों पर रिक्तियां निकली हैं। गत वर्ष सितंबर में पेपर आउट होने के कारण परीक्षा को निरस्त कर दिया गया था। उन सभी अभ्यर्थियों को, जिन्होंने 2015 की परीक्षा के लिए आवेदन किया था को, पुराने आवेदन शुल्क पर ही आवेदन करने की सुविधा दी गई है। इससे हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
पुरानी एजेंसी ब्लैक लिस्टेड हुई
मई 2015 में केवीएस ने स्नातकोत्तर शिक्षकों की विभिन्न विषयों में भर्ती प्रक्रिया के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके तहत सितंबर 2015 में परीक्षा होनी थी। पहला पेपर होने के बाद दूसरा पेपर आउट हो गया था। इस पर केंद्रीय विद्यालय संगठन ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया था। केवीएस की ओर से पेपर आउट कराने में डाटा एजेंसी की भूमिका को संदिग्ध माना गया, लिहाजा एजेंसी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया।
इस बार केवीएस ने नए सिरे से आवेदन मांगे हैं। 2015 की भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी यदि आयु सीमा की शर्त पूरी करते हैं तो वे भी आवेदन कर सकते हैं। उन्हें नया शुल्क देने की जरूरत नहीं है। चर्चा है कि इस बार कोई निजी एजेंसी नहीं बल्कि सीबीएसई ही केंद्रीय विद्यालयों की भर्ती परीक्षा आयोजित कराएगा। हालांकि इस बारे में अभी कोई पत्र जारी नहीं हुआ है।