फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कांवड़ यात्रा: ड्रोन-हेलीकॉप्टर से होगी निगरानी, मेरठ रेंज के लिए मांगी 26 कंपनी फोर्स

Wed, 10 Jul 2019 02:21 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
डीएम अनिल ढींगरा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इस बार शिवभक्तों को कांवड़ एप की मदद से कांवड़ मार्ग पर स्थित शिविर, मंदिरों, स्वास्थ्य शिविर और थानों की जानकारी मिलेगी। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए हाईवे पर सीसीटीवी कैमरों के अलावा हेलीकॉप्टर और ड्रोन कैमरे से निगरानी होगी। 
विज्ञापन


मंगलवार को कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम अनिल ढींगरा, एसएसपी अजय साहनी  और एसपी देहात अविनाश पांडेय ने सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और टोलवे कंपनी के अधिकारियों के साथ एनएच-58 और गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण किया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यात्रा के दौरान हाईवे पर किसी भी तरह का निर्माण कार्य नहीं होगा, इसलिए जल्द से जल्द कार्यों को पूरा कर लें। उन्होंने हाईवे पर जगह-जगह लाइटिंग की व्यवस्था के भी निर्देश दिए। यात्रा के चलते एनएच-58, 17 जुलाई से 24 जुलाई तक आंशिक व 24 जुलाई से 30 जुलाई तक पूर्ण रूप से बंद रहेगा। 

निरीक्षण के दौरान डीएम का फोकस पल्हैड़ा चौराहे पर चल रहे निर्माणधीन ओवरब्रिज पर ही रहा। उन्होने टोलवे और कार्यदायी कंपनी को निर्देश दिए कि पिलर के बीच में खाली पड़े रास्ते की मरम्मत कर शिवभक्तों के निकलने की व्यवस्था की जाए। सर्विस रोड से हेवी ट्रैफिक निकालने ड्रेन को हाईवे के समतल किया जाए ताकि जाम न लगे।   वहीं, कांवड़ यात्रा में प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए।

सीएम कर सकते हैं कांवड़ियों के साथ पैदल यात्रा
कांवड़ यात्रा को लेकर शासन भी काफी गंभीर है। मंगलवार को जानकारी मिली कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 जुलाई को मेरठ और मुजफ्फरनगर के कांवड़ मार्ग का दौरा कर सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को परख सकते हैं।

इस सूचना के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है और तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपने इस विशेष दौरे में कांवड़ पटरी मार्ग के साथ ही एनएच-58 पर कांवड़ियों के साथ पैदल यात्रा कर सकते हैं। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों में जुट गए हैं।

पुलिस - फोटो : अमर उजाला
मेरठ रेंज के लिए मांगी 26 कंपनी फोर्स
कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। मेरठ रेंज के मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर के लिए आईजी रेंज ने 26 कंपनी फोर्स मांगी है। इसमें 22 कंपनी पीएसी व अर्धसैनिक बल और चार कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स की डिमांड है।

आईजी आलोक सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं होने दी जाएगी। मेरठ में औघड़नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव मंदिर और रेंज के अन्य जिलों के प्रमुख मंदिरों में जैसे ही कांवड़ियों का आना शुरू होगा, मंदिरों की सुरक्षा में एनएसजी के जवान व एटीएस लगाई जाएगी। 

एनएच-58 और कांवड़ मार्ग पर भी भारी संख्या फोर्स लगाई जाएगी। आईजी ने सभी जिलों के कप्तानों को यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। 18 जुलाई से हाईवे पर रूट डायवर्जन का प्लान है। भारी वाहनों को डायवर्ट कर बस अड्डों को शहर से बाहर शिफ्ट कर दिया जाएगा। सभी संवेदनशील स्थान, प्रेशर प्वाइंट और सीसीटीवी कैमरों को लेकर भी तैयारी कर ली गई है।
विज्ञापन

गंगनहर में कम पानी पर मंथन 
पुलिस प्रशासन के अफसरों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा में कांवड़ को लेकर हुई अंतरराज्यीय मीटिंग में गंगनहर को लेकर भी चर्चा हुई। पूर्व में कांवड़ पटरी मार्ग पर लगातार हादसे होते रहे हैं। ऐसे में कांवड़िया या अन्य श्रद्घालुओं के साथ कोई अप्रिय घटना न हो।
 
इसके लिए उत्तराखंड प्रशासन से संपर्क किया जा रहा है कि कांवड़ के समय गंगनहर में पानी कम छोड़ा जाए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ भी मंथन किया जा रहा है। यूपी और उत्तरांखड के अधिकारी इस पर मंथन में लगे हुए हैं। 

चार धाम यात्रा के लिए जाम फ्री रूट तैयार
चारधाम के श्रद्धालुओं को कांवड़ियों से कोई परेशानी न हो। इसे देखते हुए यूपी और उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों ने चार धाम यात्रा के लिए जाम फ्री रूट तैयार किया है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के श्रद्धालु गंगोत्री-यमुनोत्री जाने के लिए एनएच-58 से मुजफ्फरनगर, देवबंद, गागलहेड़ी, देहरादून, विकासनगर, यमुना ब्रिज, डामटा होते हुए निकलेंगे। इन चारों राज्यों के श्रद्धालुओं को केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने के लिए मेरठ से मीरापुर, बिजनौर, कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर होते हुए निकलना होगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें