शहर में मंगलवार को दशहरा पर्व कड़ी सुरक्षा के बीच मना। शहर में जहां-जहां दशहरा मेला लगने के साथ रावण के पुतले का दहन हुआ, वहां पीएसी और आरएएफ का पहरा रहा। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को कई जगह लाठी फटकारनी पड़ी।
दिल्ली रोड स्थित रामलीला मैदान, भैसाली ग्राउंड, सूरजकुंड पार्क और जेलचुंगी के अलावा लालकुर्ती क्षेत्र में कसेरुखेड़ा में मंगलवार रात रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर दशहरा मेले का आयोजन भी हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से यहां पीएसी और आरएएफ तैनात की गई। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डॉग स्क्वॉएड, बम निरोधक दस्ता, घुड़सवार दस्ता और फायर ब्रिगेड तैनात रही। एसएसपी जे. रविंदर गौड़ और एसपी सिटी ओपी सिंह ने रामलीला मैदान और भैसाली ग्राउंड पर सुरक्षा का जायजा लिया।
रामलीला मैदान के बाहर दिल्ली रोड पर पुलिस को भीड़ को संभालने के लिए लाठी फटकारनी पड़ी। इस दौरान दिल्ली रोड पर बैरियर लगाकर सभी प्रकार के वाहनों को बंद कर दिया था। दिल्ली रोड के अलावा जेलचुंगी, मवाना रोड और सूरजकुंड पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। शहर में 26 और देहात में 19 स्थानों पर रावण का पुतला फूंका गया। रात में कई स्थानों पर कुछ भीड़ का यह आलम रहा है कि पुलिस को व्यवस्था बनाने में पसीने छूट गए।