दौराला। कांवड़ यात्रा के दौरान वलीदपुर कट के पास हुई दुर्घटना के बाद घायल कांवड़िया की बाइक चोरी हो गई। रविवार को पीड़ित के भाई ने थाने में तहरीर दी। धंजू गांव निवासी ज्ञानेंद्र ने बताया कि छह अगस्त को उसके मामा के बेटे की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। सूचना मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचा। अब वह बाइक लेने घटनास्थल पर पहुंचा तो बाइक नहीं मिली। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और बाइक बरामद करने की मांग की। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखी जाएगी और जल्द बाइक बरामद की जाएगी।