संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसडीएम व सीओ ने कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी का जायजा लिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समय रहते सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए।
आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उप जिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी पंकज लवाणिया ने क्षेत्र के भिड़वारा, नासरपुर, कूड़ी कमालपुर, मखदूमपुर रोड पुल, हस्तिनापुर रोड पुल और करीमपुर से लेकर थाना बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात और बटावली पुल तक गंगनहर पटरी का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर स्थापित होने वाले संभावित कांवड़ शिविर स्थलों का जायजा लिया।
सुरक्षा के लिहाज से अधिकारियों ने मार्ग के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों की ऊंचाई की विशेष रूप से जांच की। संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां समय रहते सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुगम ट्रैफिक प्रबंधन और कड़ी सुरक्षा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखने और शिवभक्त कांवड़ियों की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए।