कांवड़ यात्रा के बाद अब गणपति के साथ भी तिरंगा लहराने लगा है। शुक्रवार को शास्त्रीनगर एल ब्लॉक से निकाली गई गणेश विसर्जन यात्रा में भक्तजनों ने देशभक्ति नारों के बीच गणपति बप्पा मोरया का उद्घोष कर तिरंगा लहराया। गणेश पूजा महोत्सव में शुक्रवार को कई जगह गणेश पूजा की धूम रही। कई स्थानों पर शोभायात्रा निकाली। श्रद्धालुओं ने ढोल नगाडे़ की थाप पर खूब नृत्य किया।
शास्त्रीनगर एल ब्लॉक में शुक्रवार को पांच दिन से चल रहे गणपति जी की मूर्ति का विसर्जन किया गया। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं और बच्चों ने खूब डांस किया। इसके बाद नानू नहर पर विसर्जन किया। आयोजनकर्ता भाजपा नेता कुलदीप तोमर, अमित चौहान, गगन सोम, मुकेश कौशिक, विवेक, गौरव चंदेल, तेज बहादुर, पूनम, वंदना, अनीता, रिद्धि, सुभ्रा, नैना, अनिता, श्वेता आदि मौजूद रहीं। वहीं, श्री गणेश शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में गणेश महोत्सव के पांचवें दिन बागपत गेट स्थित प्राचीन भोले शंकर शिव मंदिर से गणेश शोभायात्रा निकाली गई।
मुख्य यजमान दिनेश अग्रवाल ने मुख्य तिलक और गणेश शृंगार किया। आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। श्रद्धालुओं ने धार्मिक गीतों पर जमकर डांस किया। नवयुवक मित्र मंडल महामंत्री अंकुर गुप्ता ने बताया कि शीशमहल में गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शनिवार शाम को मंगला आरती का आयोजन होगा तथा रविवार को 51 किलो लड्डू का भोग लगाया जाएगा। इसके अलावा खत्रियों का चौक, सुभाष बाजार, बुढ़ाना गेट से होकर जिमखाना तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुपरटेक पामग्रीन में अमित गौतम ने गणेश पूजा की। शोभायात्रा निकालने के बाद गणेश मूर्ति का मुरादनगर स्थित गंगनहर में विसर्जन किया गया।