संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को थाना दौराला परिसर में होटल एवं ढाबा संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी को सत्यापन और सफाई रखने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने संचालकों को यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कहा कि होटल और ढाबों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखें तथा सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दें। सभी प्रतिष्ठानों पर खाद्य सामग्री और अन्य वस्तुओं की रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।
उन्होंने होटल और ढाबों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने पर जोर दिया। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने संचालकों से प्रशासन का सहयोग कर यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।