आज भैसाली बस अड्डा शिफ्ट होगा
कांवड़ यात्रा के चलते यानि आज भैसाली-मेरठ बस अड्डा शिफ्ट हो जाएगा। मेरठ डिपो की एआरएम सबीना अंजुम ने बताया कि मेरठ डिपो की रोडवेज बसें सोहराब गेट डिपो से चलेगी। मवाना बस अड्डे से बिजनौर, हरिद्वार की ओर जाने वाली बसें चलेगी।
भैसाली डिपो के एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि भैसाली बस अड्डे से चलने वाली बसें बाईपास से चलेंगी। बाईपास से बड़ौत और कल्याणपुर, सरधना बाईपास से सरधना, शामली, करनाल, बागपत बाईपास से बागपत, पुरा महादेव के लिए बसें चलेंगी।
हाईवे किनारे लगेंगे 100 बैरियर
एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मोदीपुरम से मोहिउद्दीनपुर तक फिलहाल हाईवे पर दोनों तरफ यातायात जारी रहेगा। दौराला से लेकर कंकरखेड़ा तक लगने वाले जाम को देखते हुए विभिन्न संस्थाओं से सौ बैरियर मांगे गए हैं, इनको दौराला से कंकरखेड़ा तक हाईवे के दोनों तरफ लगाया जाएगा। जिससे कांवड़ देखने के लिए कोई भी हाईवे पर न आ सके। इससे कांवड़ियों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
लंबी दूरी की बसों को देहात से हरिद्वार के लिए चलाया
कांवड़ यात्रा को लेकर रोडवेज बसों को देहात से सीधे हरिद्वार के लिए चलाया जा रहा है। लंबी दूरी की बसें भी कस्बों, गांव से हरिद्वार तक चल रही हैं, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो।
परिवहन निगम के अफसरों का पूरा फोकस कांवड़ यात्रा पर है। हरिद्वार के लिए अधिक से अधिक बसें चलाई गई हैं। गोरखपुर, ऋषिकेश, आजमगढ़, लखनऊ, टकनपुर आदि लंबी दूरी की बसों के मार्गों से बसों को कम करके उन्हें देहात से चलाया जा रहा है। रात्रि में भी रोडवेज बस अड्डे से हरिद्वार के लिए सीधी बसें चल रही हैं। मेरठ, सोहराब गेट डिपो की अधिकांश बसों को हरिद्वार मार्ग पर चलाया गया है।
मेरठ डिपो के केंद्र प्रभारी संचालन सतपाल सिंह ने बताया कि लोहड्डा, सिवाल खास, खेड़ा, सरधना, कल्याणपुर, किनौनी, उकसिया, जटपुरा, अमीनगर सराय, हिसावदा से भी हरिद्वार के लिए रोडवेज बसें सीधी चलाई है। रात्रि में ही देहात में बसें पहुंच जाती है। सुबह वो हरिद्वार के लिए चलती हैं। हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़, किठौर से भी हरिद्वार के लिए सीधी बस सेवाएं चलाई हैं।
मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच 27 तक चलेंगी रोडवेज बसें
कांवड़ यात्रा में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे 58 को मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच वन वे कर दिया गया है। अभी शिव भक्त कांवड़ियों की संख्या कम है, इसलिए यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज की बसों को मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच सीधे चलाया जा रहा है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि 27 जुलाई को मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच रोडवेज बसों को चलाया गया है। यदि कांवड़ियों की भीड़ बढ़ी तो तुरंत बसों को संचालन बंद करा दिया जाएगा। 27 जुलाई के बाद मुजफ्फरनगर से आने जाने वाली रोडवेज बसें भी वाया मवाना, मीरापुर, जानसठ होकर जाएगी।
मेरठ डिपो के केंद्र प्रभारी संचालन सतपाल सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चलते हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसों को मवाना होकर वाया बिजनौर-नजीबाबाद चलाया जाने लगा है। अब कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने वाली बसें इसी मार्ग से होकर जाएगी। मेरठ से दिल्ली की बसें अभी एक्सप्रेस वे और मोदीनगर से होकर जा रही है।